
दिल्ली जा रही रोडवेज की बस सड़क पर पलटी, छह लोग घायल
दिल्ली जा रही रोडवेज को बस सुबह करीब सवा सात बजे शहर से करीब तीन किमी दूर नारायण नगर से पहले सड़क पर पलट गई। यात्रियों के अनुसार बस ओवरस्पीड थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे में आधा दर्जन यात्रियों को चोट आई है जबकि एक दर्जन बाल बाल बच गए।
यात्रियों के अनुसार यदि चालक बस को दीवार से नहीं टकराता तो बड़ा हादसा तय था। सड़क से नीचे भयंकर खाई है। कोतवाल विपिन पंत, एसआई पूरन मर्तोलिया समेत पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और घायलो को बीडी पांडेय अस्पताल पहुंचाया। बस में 23 यात्री सवार थे। नैनीताल निवासी बस यात्री भीम सिंह कार्की ने बताया कि दो बच्चों समेत आधा दर्जन यात्रियों को चोट आई है। यात्री दूसरे वाहनों से गंतव्य को रवाना हो गए है। बस को दमूवाढूंगा निवासी रोहित चला रहा था।
टैंपो ट्रैवल पलटा, पांच यात्री चोटिल
गोपेश्वर में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाखी के पास टैंपो ट्रैवल अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटने से पाची यात्री चोटिल हो गए। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से चोटिल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। श्रद्धालुओं का वाहन बदरीनाथ धाम जा रहा था। इस वाहन में 15 यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों की चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने उन्हें वाहन से बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोटिल यात्रियों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चोटिल श्रद्धालुओं में अर्जित मित्तल, सीमा मित्तल, अंकित बागड़ी, अनुष्का मित्तल, तान्या बागड़ी शामिल हैं। थानाध्यक्ष जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि यात्रियों की हालत सामान्य है।