Rajasthan Political Crisis : उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए सचिन पायलट, पढ़े पूरी खबर | Nation One

तीन दिन तक सचिन पायलट को मनाने में लगी कांग्रेस अब एक्शन के मूड में आ गई है। पायलट को मनाने की तमाम कोशिशें फेल होने के बाद कांग्रेस ने एक्शन लेते हुए सचिन को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।  साथ ही पायलट समर्थक 2 मंत्रियों को भी हटाया गया है। वहीं गोविन्द सिंह को राजस्थान कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है तथा हेम सिंह शेखावत को राजस्थान प्रदेश सेवादल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक षडयंत्र के तहत राजस्थान की 8 करोड़ जनता के सम्मान को चुनौती दी है। बीजेपी ने साजिश के तहत कांग्रेस की सरकार को अस्थिर कर गिराने की साजिश की है। बीजेपी धनबल और सत्ताबल से कांग्रेस पार्टी और निर्दलीय विधायकों को खरीदने की कोशिश की है।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सचिन पायलट भ्रमित होकर बीजेपी के जाल में फंस गए और कांग्रेस सरकार गिराने में लग गए। पिछले 72 घंटे से कांग्रेस आलाकमान ने सचिन पायलट और अन्य नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की। कांग्रेस की ओर से लगातार सचिन पायलट को मनाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने लगातार हर बात को नकारा।

बता दें कि राजस्थान में चल रहे सत्ता संघर्ष के बीच 13 जुलाई को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाला था। प्रियंका गांधी ने सचिन पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, दोनों ही नेताओं से बात कर इस संकट को खत्म करने की कोशिश की थी। लेकिन, प्रियंका गांधी भी सुलह करा पाने में असफल रहीं। सचिन पायलट का खेमा सत्ता के नेतृत्व परिवर्तन की मांग पर अड़ा रहा।