
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का कहर जारी, जनजीवन बुरी तरह हुआ प्रभावित
शिमला: हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी ने अपना कहर बरपाया हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां भारी बर्फबारी हो रही है तो वही इसी के साथ मैदानी इलाकों में भी जमकर बारिश हो रही है। जिससे अब कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। पिछले दो दिन से बर्फबारी भले ही थम गई हो, लेकिन लाहौल समेत जनजातीय इलाकों में हिमखंडों के गिरने का दौर जारी है।लाहौल में रविवार को तांदी पुल के पास हिमस्खलन से चार ढाबे और रन शेल्टर दब गया। वही इसी के साथ तिंदी में ठंका नाले पर बना बीआरओ का 80 फीट लंबा पुल भी ध्वस्त हो गया है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड विस का बजट सत्र आज से, राज्यपाल के अभिभाषण से होगा शुरू
यह पुल केलांग को चंबा के किलाड़ से जोड़ता है। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। चंबा जिले में आधा दर्जन घर, गोशालाएं, एक स्कूल और घराट ढह गए हैं। बारिश-बर्फबारी से प्रदेश के अन्य इलाकों में करोड़ों का नुकसान हुआ है। उधर, खराब मौसम को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के सभी शीतकालीन स्कूलों में दो दिन छुट्टियां और बढ़ा दी हैं। बर्फबारी थमने के दो दिन बाद भी प्रदेश की 547 छोटी-बड़ी सड़कें बहाल नहीं हो पाई हैं। करीब 400 रूटों पर सोमवार को भी बसें नहीं चलीं। शिमला- रामपुर नेशनल हाईवे को बहाल कर दिया है, लेकिन वाहन स्किड होने का खतरा बना है।