पंजाब : भारत-पाकिस्तान सीमा पर तस्करों से मुठभेड़ में BSF जवान घायल | Nation One
भारत सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी आम बात है। यहां पर सीमा सुरक्षा बल और तस्करों के बीच मुठभेड़ और झड़प की खबरें भी आती रहती हैं।
कई बार पाकिस्तान की तरफ से पंजाब में ड्रोन के जरिए भी हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी की खबरें भी मिलती हैं। तस्करों के साथ मुठभेड़ का एक मामला शुक्रवार को भी सामने आया। पंजाब पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी है।
पंजाब के गुरदासपुर जिले में शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तानी तस्करों के साथ हुई गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान 47 किलोग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और कुछ विस्फोटक पदार्थ बरामद हुए हैं। घटना तड़के शुक्रवार तड़के 5:15 बजे चंदू वडाला सीमा चौकी के अंतर्गत एक इलाके में हुई।
गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नानक सिंह ने बताया कि 47 किलोग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल, कुछ विस्फोटक और अफीम के सात पैकेट बरामद हुए हैं।
एसएसपी ने कहा कि बीएसएफ के जवानों और पाकिस्तानी तस्करों के बीच गोलीबारी के दौरान जवान के सिर में गोली लग गई। जवान को अस्पताल ले जाया गया है।