Madhya pradesh - 'जयराम रमेश को बुंदेलखंड की जनता मारेगी'- मोहन यादव
Updated: 26 December 2024Views: 10

Madhya pradesh - केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अखिलेश यादव और जयराम रमेश समेत कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयराम रमेश को बुंदेलखंड की जनता मारेगी। बुंदेलखंड की जनता के अंदर आक्रोश है और कांग्रेस को बुंदेलखंड की वास्तविकता का परिचय नहीं है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश जी ने हमारी तारीफ की है। उन्होंने कहा नदी जोड़ो नेताजी का सपना था। जयराम रमेश और मनमोहन सिंह की सरकार ने अटल जी की सरकार जाने के बाद नेताजी के सपने को तोड़ा था तो यह कीमत वो चुकाएंगे। मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस का कभी भी डेवलपमेंट का एजेंडा नहीं रहा है। कांग्रेस ने लंबे समय तक बुंदेलखंड को दबाया है। मोदी जब से प्रधानमंत्री बने हैं, उन्होंने इस योजना को प्राथमिकता दी।
Madhya pradesh - अखिलेश को दिया जवाब
अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट पर लिखा था "‘नदियों को जोड़ना, देश को जोड़ने का काम होता है’ इसी बड़ी सोच के साथ अपने नेताजी ने ‘देश में सबसे पहले दो राज्यों की नदियों को जोड़ने की परियोजना’ की संकल्पना की थी और मप्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री जी के साथ केन-बेतवा लिंकिंग प्राजेक्ट के एमओयू को हस्ताक्षरित कर के तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह जी को प्रस्तुत किया था। इस परियोजना के पीछे सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, पेय जल और विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सूखाग्रस्त बुंदेलखंड के जल स्तर मे सुधार और इस क्षेत्र के चतुर्दिक विकास के लिए निवेश व पर्यटन के नये दरवाजे खोलकर आत्मनिर्भरता बढ़ाने और पलायन को रोकने का बड़ा नजरिया काम कर रहा था। अगर वर्तमान केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट को सही प्राथमिकता दी होती तो नेताजी का ये महान कार्य और पहले ही शुरू होकर अब तक पूर्ण हो जाता।" अखिलेश के जवाब में मोहन यादव ने कहा कि मैं मानकर चल रहा हूं अखिलेश जी ने हमारी तारीफ की है। उन्होंने कहा नदी जोड़ो नेताजी का सपना था। वह मैंने देखा है एक तरह से उन्हें नदी जोड़ो अभियान के लिए यह प्रश्न तो कांग्रेस से पूछना चाहिए था। जब जयराम और मनमोहन सिंह की सरकार ने अटल जी की सरकार जाने के बाद सपने को तोड़ा था तो यह कीमत वो चुकाएंगे। उन्होंने आगे कहा "जयराम रमेश हों या कांग्रेस हो इन्होंने सदैव बुंदेलखंड के साथ बुरा किया है। विकास कांग्रेस कभी पसंद नहीं करती। नदी जोड़ो आज भी वह लिख रहे हैं कि यह गलत है। बुंदेलखंड की जनता मारेगी, जनता को इतना आक्रोश है। यहां के लोगों से पूछो पीने का पानी नहीं होता है। नदी में पानी नहीं होता है तो पलायन करना पड़ता है, परेशानी आती है। जय राम रमेश को यहां की बुंदेलखंड की वास्तविकता का परिचय नहीं है, यह बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है। रिपोर्ट - आस्था पूरी