नई दिल्ली
प्रसिद्ध भारतीय वैज्ञानिक प्रो. यशपाल का निधन हो गया है। वह 90 साल के थे। उन्हें 1976 में पद्मभूषण और 2013 में पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया था। उनके निधन को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। देश के बड़े वैज्ञानिकों में शामिल प्रोफेसर यशपाल का जन्म 26 नवंबर 1926 को हरियाणा में हुआ था। उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल में ज्ञान विज्ञान के अनेक क्षेत्रों में काम करते हुए राष्ट्रनिर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। प्रो. यशपाल 1983-84 में योजना आयोग के मुख्य सलाहकार रहे हैं। 1986 से लेकर 1991 तक उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अपने कार्यकाल में उच्च शिक्षा के लिए बनी कमेटी की अगुवाई भी की। प्रो. यशपाल सन 2007 से सन् 2012 तक जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के कुलपति रहे। उन्होंने बहुत दिनों तक दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले विज्ञान पर आधारित कार्यक्रम ‘टर्निंग प्वाइंट’ की एंकरिंग भी की है। प्रोफेसर यशपाल को साइंस और इंजिनियरिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।