
प्रियंका गांधी आज अमेठी दौरे पर, कार्यकर्ताओं में फूकेंगी जीत का मंत्र
अमेठी: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी अब चुनावी-प्रचार-प्रसार में पूरी तरह से डट गई है। चुनाव के मद्देनजर प्रियंका गाँधी ने उत्तर प्रदेश की कमान अब अपने हाथ में ले ली है। इसी कड़ी में वह जगह-जगह जाकर रोड शो कर रही है, गंगा यात्रा कर रही हैं और ट्रेन से सफर करके भी जनता से वोट की अपील कर रही है। चुनावी प्रचार -प्रसार की इसी कड़ी में वह अब अपने भाई और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र अमेठी सहित कई अन्य क्षेत्रों का दौरा करने जा रही है। अमेठी सहित कई अन्य क्षेत्रों में वह कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरेंगी और जनता के वोट की अपील भी करेंगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार 27 मार्च को अमेठी, गुरुवार 28 मार्च को अपनी मां और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली का दौरा करेंगी। यही नहीं प्रियंका गांधी का काफिला शुक्रवार 29 मार्च को अयोध्या भी पहुंचेगा। बता दें, प्रियंका गांधी ने पिछले दिनों गंगा यात्रा की। इस दौरान वह प्रयागराज से वाराणसी तक स्टीमर से गईं। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज से गंगा किनारे के पौराणिक स्थल सीतामढ़ी पहुंचकर मछुआरों और महिलाओं से संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने जनता से अपील की कि देश और संविधान को बचाने के लिए सोच-समझ के वोट करें। प्रियंका ने कहा मैंने और मेरे भाई ने बहुत संघर्ष देखे हैं। पिता और परिवार का बलिदान देखा है। राहुल को सत्ता का शौक नहीं है वो आप सभी की भलाई चाहते हैं।