प्रियंका गांधी का मोदी सरकार पर हमला, कहा-जिस दिन देश का किसान जागेगा, उस दिन से सावधान

प्रियंका गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी की महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि केंद्र में बैठी पीएम मोदी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के पेट पर लात मारकर अपने मित्रों की जेब भर रही है। प्रियंका ने यह बात उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर कही।

दरअसल, प्रियंका गांधी ने शनिवार को लगातार दो ट्वीट किए। इनमें से पहले ट्वीट में उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा- ‘संसद से इंडिया गेट तक दिल्ली के सबसे मशहूर, खूबसूरत, ऐतिहासिक स्थान को ‘सुंदर’ बनाने का एक गुजराती कंपनी को ठेका और सरकार का अनुमानित खर्चा = 12,450 करोड़ रुपए। उप्र के गन्ना किसानों का बकाया =7,000 करोड़ रुपए। भाजपा सरकार होश खो रही है।’

इसके तुरंत बाद प्रियंका ने दूसरा ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- ‘किसान के पेट पर लात मारकर अपने मित्रों की जेब भर रही है। जिस दिन देश का किसान जागेगा, उस दिन से सावधान….वह दिन आएगा।’

ये भी पढ़ें:हल्द्वानी: राज्यपाल की सुरक्षा ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में घायल महिला दरोगा की मौत