केवल राजनीति करती है भाजपाः वीरभद्र सिंह
नाहन में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हिमाचल में सरकार बनाने के साथ ही प्रदेश को नीलाम करने में जुट गई है। भाजपा केवल राजनीति करती है। उन्होंने बाहरी राज्य के लोगों को जमीन बेचने की मंशा और तबादलों पर प्रदेश की जयराम सरकार को जमकर घेरा। पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के माइना में आयोजित सम्मान समारोह में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
धार्मिक पर्यटनस्थल श्रीरेणुकाजी माता और भगवान परशुराम मंदिर में पूजा अर्चना की। माइना पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। समारोह पूर्व कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक द्वारा श्रीरेणुकाजी विस के विकास में सराहनीय योगदान के लिए श्रीरेणुकाजी कांग्रेस मंडल द्वारा आयोजित किया गया।
वीरभद्र सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि कांग्रेस सरकार के समय में खोले गए संस्थानों को बंद किया गया तो इसका जमकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरे हिमाचल एक समान विकास हुआ है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रस्तुत बजट निराशाजनक
वीरभद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रस्तुत बजट निराशाजनक है। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम सरकार का पहला फैसला यह है कि यह सरकार हिमाचल को नीलाम करना चाहती है। मंच से चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा अगर यही हाल रहा तो जयराम सरकार की जय जय राम जी की हो जाएगी।
समारोह में पूर्व सीएम ने श्रीरेणुकाजी विस में कांग्रेस प्रत्याशी का साथ देने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजय बहादुर सिंह, गंगू राम मुसाफिर सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।