बदमाशों ने दुष्कर्म पीड़िता पर फेंका तेजाब

नई दिल्ली में खजूरी इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक दुष्कर्म पीड़िता पर तेजाब फेंक दिया। चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर तेजाब गिरने से वह दर्द से छटपटाने लगी। राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

दोनों बदमाशों का अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म का आरोपी जेल में बंद है। आरोपी की तरफ से केस वापस लेने के लिए उसे महिला को धमकाया जा रहा है। दुष्कर्म पीड़िता का अपने पति से भी विवाद चल रहा है।

जुराब बनाने की फैक्ट्री में काम करती है पीड़िता

25 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ खजूरी खास इलाके में रहती है। वह चांदनी चैक इलाके में जुराब बनाने की फैक्ट्री में काम करती है। मंगलवार शाम को वह फैक्ट्री से घर लौट रही थी। इसी दौरान खजूरी चैक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे आवाज दी।

जैसे ही वह पीछे मुड़ी अचानक एक बदमाश ने बोतल से उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ समय पहले पीड़िता ने मुस्तफाबाद के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया था। पीड़िता के परिजन का कहना है कि आरोपी ने ही हमला करवाया है। हालांकि, पुलिस पति को भी शक के घेरे में रखकर चल रही है। पुलिस महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *