
पालघर मॉब लिचिंग का एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव, सभी आरोपी सहित 23 पुलिस कर्मी क्वारंटाइन | Nation One
महाराष्ट्र के पालघर हिंसा के एक आरोपी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि अब तक 43 लोग आरोपी के संपर्क में आए है, जिन्हें तुरंत क्वारंटाइन कर दिया गया है और उनकी जांच चल रही है। इनमें 23 पुलिस के जवान हैं और 20 अन्य आरोपी हैं।
16 अप्रैल को पालघर में दो साधुओं और उनके वाहन चालक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 115 लोगों को पकड़ा था। इनमें से एक 55 वर्षीय आरोपी की कोरोना जांच रिपोर्ट पाॉजिटिव आई है।
पालघर ग्रामीण अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. दिनकर गावित ने इस बात की पुष्टि की है। यह आरोपी वाड़ा पुलिस थाने में कस्टडी में था। वहां लॉकअप में उसके साथ 20 अन्य आरोपी भी थे। आरोपी के संपर्क में आए 23 पुलिस कर्मियों और 20 अन्य आरोपियों को क्वारंटाइन कर उनकी जांच की जा रही है।