असफलता में निराश न होकर उससे प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए : अंतर्राष्ट्रीय शूटर रुचि सिंह | Nation One

आज एक तरफ जहां समूचे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए तथा उनकी सुरक्षा एवं विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा मिशन शक्ति जैसी योजनाएं चलाकर महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है।

आज इसी महिला दिवस के अवसर पर अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धौरहरा गांव की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज रुचि सिंह जिन्होंने पहली बार ओलिंपियाड ऑफ इंडिया में 10 मीटर एयर पिस्टल सहित कुल 7 अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग, 21 राष्ट्रीय शूटिंग और 15 राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेते हुए अमेठी जनपद ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश एवं भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया।

रुचि सिंह ने भारत देश के लिए 25 गोल्ड मेडल, 22 सिल्वर और 12 कांस्य पदक सहित कुल 59 अवार्ड जीते हैं। वर्ष 2007 में बेस्ट शूटिंग अवार्ड रुचि सिंह को प्राप्त हुआ है। वहीं पर वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने इस अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था।

अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज रुचि सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मीडिया से बात करते हुए बताया कि सभी महिलाओं को मिलने वाले अवसर का सही समय पर सही उपयोग करना चाहिए। अपने आत्मबल को हमेशा बनाए रखते हुए कभी भी निराश नहीं होना चाहिए।

असफलता में निराश न होकर उससे प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए। यह जो समय चल रहा है इस समय प्रत्येक व्यक्ति अपनी बेटी और अपनी बहू अर्थात सभी महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है। प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं आगे जा रही हैं। महिलाओं के लगातार आगे बढ़ने के चलते ऐसा महसूस हो रहा है कि आने वाले समय में महिलाओं का आरक्षण कहीं खत्म ना हो जाए, कहीं पुरुष अपने लिए आरक्षण की मांग न करने लगे।

उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं में सशक्त हैं बस उनको स्वयं को पहचानने की जरूरत होती है। सभी व्यक्ति के अंदर एक काबिलियत होती है जो उसको जानकर आगे निखारने की जरूरत होती है। अगर उनको कोई बाधा महसूस होती है तो अपनी गलतियों को सुधार कर वह आगे बढ़ सकती है।

अमेठी से अशोक श्रीवास्तव की रिपोर्ट