Nirbhaya Case : 7 साल बाद मिला निर्भया को इंसाफ, फांसी पर लटकाए गए निर्भया के दोषी | Nation One
निर्भया गैंगरेप और हत्या मामले में चारों दोषियों को आज सुबह 5:30 बजे फांसी दी गई। आखिरकार 7 साल 3 माह बाद निर्भया को इंसाफ मिल गया है। निचली अदालत से सुप्रीम कोर्ट तक फांसी रुकवाने की सभी कोशिशें नाकाम होने के बाद भी निर्भया के दरिंदें मौत से बचने के लिए आखिरी पल तक तिकड़म में लगे रहे। यहां तक की दोषियों के परिजनों ने रात डेढ़ बजे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। लेकिन फांसी टलवाने की सारी कोशिश नाकाम हो गई।
आपको बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी दोषियों की सभी याचिका गुरूवार और शुक्रवार की आधी रात को ठुकरा दी थी। जिसके बाद शुक्रवार की सुबह यानी आज निर्भया के चारों दोषियों विनय शर्मा, अक्षय ठाकुर, पवन गुप्ता और मुकेश सिंह को सुबह 5:30 बजे फांसी दे दी गई। जिसके बाद मेडिकल ऑफिसर ने चारों दोषियों को मृत घोषित किया।
आपको बता दें कि निर्भया गैंगरेप केस के मुख्य आरोपी राम सिंह ने तिहाड़ जेल में आत्महात्या कर ली थी। देर से ही सही पर निर्भया के दोषियों को फांसी मिलने पर पुरे देश में जश्न का माहौल है। फांसी के दौरान तिहाड़ जेल के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल मौजूद रहा।
वहीं दोषियों को फांसी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर कहा है कि न्याय हुआ है। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इसका अत्यधिक महत्व है। हमारी नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हमें मिलकर एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है, जहां महिला सशक्तीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाए, जहां समानता और अवसर पर जोर दिया जाए।