पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि निकाय चुनाव भाजपा के पक्ष में जा रहा है। भाजपा सरकार जैसा विकास पहले कभी नहीं हुआ है। विकास कार्यों की गति अब तेज हुई है। उन्होंने कहा कि विकास को ही वोट मिलेगी। लोनिवि गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कोश्यारी ने कहा कि भ्रष्टाचार का खात्मा कर दिया गया है।
शराब के ठेके ई-टेंडरिंग प्रक्रिया से किए गए। जिससे इस व्यवसाय में पारदर्शिता आई है। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहाड़ी राज्यों के लिए पांच रेल मार्ग बनने का लक्ष्य था। इसमें चार स्वीकृत हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पंचेश्वर बांध मेरा सपना था। वह पूरा हो रहा है। वहां के विस्थापितों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। गैरसैंण को राजधानी बनाने के लिए पहले उसे सुविधाओं से युक्त करना होगा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद स्थिति बिगड़ गई थी, जो अब ढर्रे पर आ गई है।
कपकोट में दो करोड़ 40 लाख रुपये का हॉल किया स्वीकृत
उन्होंने कहा कि कपकोट में दो करोड़ 40 लाख रुपये का हॉल स्वीकृत किया गया है। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सराहनीय काम कर रही है। राज्य में भी अच्छे काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी नगर पंचायत और नगर पालिका चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। लोग विकास के नाम पर वोट देंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया, महेश खेतवाल, शिव सिंह बिष्ट, सुरेश कांडपाल आदि मौजूद थे।