यूपी में भाजपा कर सकती है छंटनी, कट सकते हैं 80 विधायकों के टिकट, पढ़ें पूरी खबर | Nation One

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से आखिरी के तीन चरणों के उम्मीदवारों के नाम पर मंथन चल रहा है। इस बीच खबर है कि भाजपा कुल 172 टिकटों का ऐलान मंगलवार या बुधवार तक कर सकती है। इनमें से 80 विधायकों के टिकट कट सकते हैं और एक दर्जन से ज्यादा नेताओं की सीटों में फेरबदल किया जा सकता है।

इसकी वजह गठबंधन दलों के खाते में ज्यादा सीटें जाना भी हो सकता है। दरअसल अपना दल और निषाद पार्टी ज्यादा सीटों की मांग कर रही हैं। ऐसे में उनके खाते में दो दर्जन के करीब सीटें जा सकती हैं।

भाजपा मुख्यालय में सोमवार को कोर कमिटी की मीटिंग हुई, जिसमें होम मिनिस्टर अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद थे। इसके अलावा मंगलवार की चर्चा में पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में मंगलवार को ही उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगने की संभावना है। भाजपा यूपी में करीब 380 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। पार्टी ने इससे पहले 197 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है।

2017 में भाजपा के 312 विधायक चुने गए थे और ज्यादातर नए चेहरे थे। लेकिन इस बार उनको लेकर विधानसभा क्षेत्र की राय का भी आकलन किया जा रहा है। भाजपा पहले ही अपने 197 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। भाजपा नेताओं का कहना है कि टिकट तय करने में सबसे अहम जिताऊ फैक्टर है, जिसका ध्यान रखा जा रहा है।