मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन

जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सात फेरे लेकर 160 जोडे दाम्पत्य सूत्र में बंधे, विधिविधान से सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। साथ ही विवाह में शामिल जोड़ों को उपहार भी दिए गए।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने कार्यक्रम में शिरकत की। विधानसभा अध्यक्ष ने परिणय सूत्र में बंधे जोड़ो को आशीर्वाद दिया, साथ ही विवाह का प्रमाण पत्र भी दिया। सामूहिक विवाह समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारियों में काफी उत्साह देखा गया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत के कार्यकम स्थल से जाते ही मौके पर जमकर डांस पार्टी चली। विवाह समारोह में कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक ने जमकर ठुमके लगाए। डीजे के गानों पर कलेक्टर ने अन्य अधिकारियों के साथ डांस किया, वर और वधू के परिजनों के साथ ही नवविवाहित दूल्हों ने भी डांस फ्लोर पर उत्साह के साथ डांस किया। माहौल पूरी तरह पारिवारिक और उत्साहपूर्ण नजर आया।

 

जांजगीर चांपा, छत्तीसगढ़ से दीपक यादव की रिपोेर्ट