
माखी गांव का 15 साल तक रहा प्रधान नाना का था सबसे लाडला | Nation One
गांव सराय ठोक माखी, पोस्ट माखी, जिला उन्नाव। ये कोई अनजाना नाम नहीं है। इस गांव में कुलदीप सिंह सेंगर नाम का व्यक्ति रहा करता था। हर काम मे तेज कुलदीप अपने माता-पिता का ही नहीं बल्कि, अपने ननिहाल में भी सबका लाडला रहा। कमल सिंह उर्फ मुलायम सिंह की तीन संतानों कुलदीप, अतुल और मनोज में कुलदीप सबसे बड़ा है। सबसे छोटे भाई मनोज की कुछ समय पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है।
माखी कुलदीप की ननिहाल है। बचपन से ही वह इसी गांव की माटी में पलकर बड़े हुए। उनके नाना लंबे समय तक ग्राम प्रधान रहे। नाना चाहते थे कि, आगे चलकर समाजसेवा की यह विरासत कुलदीप संभाले। यह खूबियां उन्हें अपने नाती कुलदीप में ही नज़र आईं। गांव के कुछ लोग भी यही चाहते थे कि, कुलदीप ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़े। वह चुनाव लड़े और सबसे कम उम्र के प्रधान बने। 15 साल तक उन्होंने प्रधानी की। फिलहाल, कुलदीप सिंह सेंगर के छोटे भाई अतुल सिंह की पत्नी माखी की प्रधान हैं।
इधर, कुलदीप ने गांव में कई कार्य भी कराए। उनकी गिनती एक तेजतर्रार प्रधान के रूप में होने लगी, जो अपनी बात बेबाकी से कहता ही नहीं बल्कि कार्य कराता भी है। इस कारण लोग उनसे जुड़ते भी गए। हालांकि, उनकी शैक्षिक योग्यता कोई ज़्यादा नहीं है पर, रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 1992 में उन्होंने राजा शंकर सहाय इंटर कॉलेज, उन्नाव से दसवीं (यूपी बोर्ड) पास की।
लंबे समय तक प्रधान रहते-रहते उनका मन भारतीय राजनीति में कदम रखने का हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री स्वः अटल विहारी बाजपेयी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वह काफी प्रभावित हुए और राजनीति में पदार्पण कर दिया। पर शुरुआत उनकी मायावती की पार्टी से हुई।
वर्ष 2002 में, वह उन्नाव सदर क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से विधायक चुने गए। वर्ष 2007 में, वह समाजवादी पार्टी (एसपी) में शामिल हुए और बांगरमऊ से विधायक चुने गए। वर्ष 2012 में, वह पुनः समाजवादी पार्टी के टिकट पर बांगरमऊ से एक विधायक चुने गए। वर्ष 2017 में, वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए और बांगरमऊ से विधायक चुने गए। उनकी पत्नी संगीता भी एक राजनीतिज्ञ हैं, जो जिला उन्नाव की पंचायत अध्यक्ष हैं। उनके दो बेटियां हैं।