विराट और अनुष्का के घर आने वाला है नन्हा मेहमान, कपल ने ट्वीट कर दी जानकारी | Nation One

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा जल्द ही माता पिता बनने वाले है। इसका ऐलान खुद विराट कोहली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए किया है। उन्होंने एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें अभिनेत्री ब्लैक ड्रेस में अपना बेबी बंप दिखाती नजर आ रही हैं और उनके पीछे विराट खड़े हैं। इस खुशखबरी की घोषणा करते हुए, उन्होंने लिखा ‘और फिर, हम तीन होंगे! जनवरी 2021 में आ रहा है।’

बता दें कि विराट और अनुष्का देश की सबसे चर्चित और पसंदीदा जोड़ियों में से एक हैं। दोनों एक शैम्पू के विज्ञापन की शूटिंग के दौरान पहली बार मिले थे। उस वक्त विराट काफी नर्वस थे, क्योंकि उन्हें एक्टिंग के बारे में कुछ नहीं पता था। इस विज्ञापन के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई और दोनों को अक्सर साथ देखा गया। वहीं साल 2017 में दोनों ने इटली में जाकर शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं और अक्सर एक दूसरे के साथ फोटो शेयर करते रहते हैं।

वहीं आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से अनुष्का के प्रेग्नेंट होने की खबरें सोशल मीडिया में चल रही थीं। कुछ समय पहले उन्हें मुंबई में एक क्लिनिक के बाहर देखा गया था, जिसके बाद इस बात के कयास लगाए जाने लगे कि अनुष्का गर्भवती हैं। हालांकि अब कपल ने खुद ही यह जानकारी दी है कि जल्द ही वो पेरेन्ट्स बनने वाले हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी पिता बने हैं। उनकी पत्नी और मशहूर मॉडल नताशा स्टेनकोविक ने 30 जुलाई को अपने बेटे को जन्म दिया था। क्रिकेटर ने सोशल मीडिया के जरिये ये खुशखबरी साझा की। उन्होंने अपने बेटे की तस्वीर साझा की है जिसमें वो उसके नन्हे हाथों को अपने हाथ में पकड़े नजर आ रहे हैं।

https://twitter.com/hardikpandya7/status/1288778836872634368

इस बीच, विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा लेने के लिए युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे हुए हैं। वे टीम रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान हैं। वहीं, अनुष्का शर्मा मुंबई में ही हैं।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के इस खूबसूरत खुलासे के बाद सेलिब्रिटीज़ उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। महज चंद मिनटों में इंस्टाग्राम पर उनकी पोस्ट को लाखों लोग लाइक कर चुके हैं। टीम इंडिया के तमाम खिलाड़ी अपने कप्तान को मुबारकबाद दे रहे हैं।

बता दें कि इस महीने बॉलीवुड़ से यह दूसरी बेबी घोषणा है। करीना कपूर और सैफ अली खान ने कुछ हफ्ते पहले ही घोषणा किया था कि वे फिर से माता-पिता बनने वाले है।