क्षेत्रीय सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि हल्द्वानी में रेलवे का विकास बेहद जरूरी है। रेलवे परिक्षेत्र में अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाएगा। कुछ लोग वोट बैंक की राजनीति कर इसमें बाधा डाल रहे हैं। लेकिन क्षेत्र के विकास में इस तरह वोट बैंक की राजनीति करना उचित नहीं है। सभी को विकास में सरकार व व्यवस्था का सहयोगी बनना चाहिए।
सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत समेत अन्य द्वारा अफसरों व सरकार पर सवाल खड़े करने के सवाल पर कहा कि यह बेबुनियाद है। यदि ऐसा होता तो वह सत्ता में क्यांे रहते। अशोक चक्र विजेता मोहन नाथ गोस्वमी की पत्नी को वायदे के अनुरूप सरकारी नौकरी व 12 हजार रुपये मासिक पेंशन न दिए जाने के सवाल पर सांसद ने कहा कि उन्हें भी समाचार पत्रों से इसका संज्ञान हुआ है। वह केंद्र के समक्ष इसे प्रमुखता से रखकर वीरांगना को न्याय दिलाने की पहल करेंगे।
जमरानी बांध पर प्रदेश व केंद्र की सरकार गंभीर
राज्य अतिथि गृह में क्षेत्रीय सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि जमरानी बांध पर प्रदेश व केंद्र की सरकार गंभीर है। वह स्वयं भी इसके बड़े पक्षधर हैं। इसी लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष प्रदेश की अहम् जरूरत को उनके समक्ष रखा था। जिसकी स्वीकृत अंतिम चरण में है। शीघ्र ही इसे केबिनेट में रखा जाना है। उन्होंने कहा कि रानीबाग की एचएमटी फैक्ट्री परिक्षेत्र में उन्होंने आर्डिनेंस अथवा महत्वपूर्ण उद्योग स्थापित करने की मांग की है, जिससे क्षेत्र के बेरोजगारों को रोजगार मुहैया हो सके।
हाईकोर्ट शिफ्ट करने के सवाल पर उन्होंने चुटकी ली कि उच्च न्यायालय व उच्च लोगों के बीच में उन्हें नहीं लाना चाहिए। न्यायपालिका के निर्णय पर कहा कि न्यायमूर्ति के आदेश जनसुविधा के अनुरूप होते है। कभी कभी धरातल की परिस्थितियों के अनुरूप इनमें विरोध जरूर होता है। लेकिन इसके लिए लोकतंत्र में व्यवस्था है। न्यायपालिका, मीडिया, सेना सभी लोग हमारे बीच से ही हैं। जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ बेहतर पैरवी की जानी चाहिए।