चंद्रयान-3 को मिली मंजूरी, बनेगा इसरो का नया स्पेस पोर्ट

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) चीफ के. सिवन ने नए साल के मौके पर देशवासियों के सामने इस साल के लक्ष्य और योजनाएं पेश कीं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के थुथुकुडी में नया स्पेस पोर्ट बनेगा।

उन्होंने बताया कि सरकार ने चंद्रयान-3 प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इस पर काम शुरू हो चुका है और इसे संभवत: 2021 में लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गगनयान मिशन के लिए चार लोगों को चुना गया है।

सभी अंतरिक्ष यात्रियों का प्रशिक्षण इस महीने के तीसरे सप्ताह में शुरू होगा। इसके साथ ही, गगनयान सलाहकार समिति का गठन किया गया है।

उन्‍होंने बताया, ‘हमने चंद्रयान-2  पर अच्‍छी तरक्‍की की हालांकि हम लैंडिंग में सफल नहीं हो सके, अभी भी ऑर्बिटर काम कर रहा है। यह अगले सात सालों तक काम करेगा और हमें डाटा उपलब्‍ध कराएगा।’

दुनिया में जीपीएस सिस्टम को मान्यता देने वाली संस्था 3-जीपीपीपी ने हमारे नाविक पोजिशनिंग सिस्टम को मान्यता दे दी है। इसलिए जल्द ही देश के सभी मोबाइल में अपना पोजिशनिंग सिस्टम होगा।