- योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं युवा : मोदी
नई दिल्ली
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इस बार देश में लगभग 5000 स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्र सरकार के अनेक मंत्रियों ने देश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कुछ स्थानों पर वर्षा ने कुछ मुश्किलें खड़ी कीं, लेकिन इसके बाद भी लाखों लोगों ने उत्साहपूर्वक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश भर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
लखनऊ के रमाबाई पार्क में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ भारी बारिश के बीच योगाभ्यास किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह छह बजे से योग अभ्यास शुरू होना था, लेकिन भारी बारिश के चलते कार्यक्रम आधे घंटे के विलंब से शुरू हो सका। इस अवसर पर लगभग 51000 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इससे पहले उपस्थित लोगों से योग को नमक की तरह जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आग्रह करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मन को स्थिर रखने में योग का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि दुनिया के लोग योग का महत्व समझ रहे हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे इसे अपनी जीवनशली का हिस्सा बनाएं। प्रधानंत्री मोदी ने कहा लखनऊवासियों का योग के प्रति समर्पण अभिनंदनीय है। यहां योग जन-जन और घर-घर का हिस्सा बन रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग को मान्यता मिलने के बाद से इसके प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। पिछले तीन साल में कई योग संस्थान खोले गए। योग शिक्षकों की मांग बढ़ी है। युवा योग को व्यवसाय के रूप में अपना रहे हैं।


उत्तराखंड में देहरादून स्थित राजभवन में राज्यपाल डॉ. केके पाल और परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने योगासन किए।
अहमदाबाद में बना विश्व रिकॉर्ड
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने योग गुरु बाबा रामदेव के निर्देशन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री अमित शाह के साथ हजारों लोगों ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में भी वर्षा खलल डाला, लेकिन के प्रति लोगों की दीवानगी के चलते कार्यक्रम में कोई बाधा नहीं पड़ी। इस अवसर पर एकत्र हजारों लोग भारी वर्षा के बीच योग करते रहे। बाबा रामदेव ने दावा किया कि कार्यक्रम में करीब चार लाख लोगों ने शिरकत की है, जो एक विश्व रिकार्ड है। बाबा रामदेव ने कहा कि प्रधानंत्री मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप 21 जून को संयुक्त राष्ट्रसंघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजित करने की पहल अनूठी है। उन्होंने कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन के माध्यम से पूरी दुनिया योग का महात्म्य जान पाएगी।
दिल्ली में बारिश से मुश्किल, लेकिन थमा नहीं उत्साह
तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर दिल्ली में भी कई जगहों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस में आयुष मंत्रालय और एनडीएमसी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप्-राज्यपाल अनिल बैजल, केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू, राजग के राष्ट्रपति के पद उम्मीदवार रामनाथ कोविंद और वरि‰ भाजपा नेता विजय गोयल समेत अनेक नेताओं ने हिस्सा लिया। वर्षा ने हालांकि योग के उत्साह में कुछ खलल डाला, लेकिन लोग अंत तक योग साधना में लगे रहे। इसके अलावा राजधानी के अनेक इलाकों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्कों में लोग सुबह से ही योग के लिए एकत्र होने लगे थे। जगह-जगह एलईडी क्रीन लगाए गए थे। चाणक्यपुरी में नौसेना प्रमुख सुनील लांबा ने अन्य नौसैनिकों के साथ योग किया।
सैनिकों ने भी की योग साधना
तीनों सेनाओं में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जोर-शोर से मनाया। नौसेना के जहाजों से लेकर सरहद पर हर जगह योग किया जा रहा है। लद्दाख में जवानों ने इस अवसर पर -25 डिग्री तापमान में जमा देने वाली ठंड के बीच योग किया, तो नौसेनिकों ने भारतीय युद्धपोत आईएनएस विक्रमादित्य पर योगाभ्यास किया।
दिल्ली में नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा भी अपने नौसैनिकों के साथ योग करने पहुचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ रहने के लिए योग जरूरी है। योग हमारे पाठयक्रम का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि नौसेना के सभी स्टेशनो पर प्रतिदिन योग होता है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित योग कार्यक्रम मुख्यमंत्री रमन सिंह, उनके अन्य मंत्रिमंडलीय सदस्यों के अलावा हजारों ने लोगों ने योग किया। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनवाल, मंत्री हेमंत बिस्वा के साथ हजारों लोगों ने आचार्य बाल कृष्ण के साथ योग किया।
योग के रंग में रंगी दुनिया
दिल्ली के सेंट्रल पार्क से न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क तक दुनिया योग के रंग में रंगी हुई दिखाई दे रही है। लंदन के ट्रैफल्गर स्क्वेयर, पेरिस में एफिल टावर और चीन की दीवार तक योगाभ्यास के भव्य आयोजन किए गए हैं। न्यूयॉर्क में भी योगा दिवस की तैयारी शानदारत तरीके की कई है। यहां लोग संगीत के साथ योग का अभ्यास करते दिखाई दिए। तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र संघ का मुख्यालय रोशनी से लिखे ‘योग’ शब्द से जगमगा उठा है।
बालीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने स्विच दबा कर संयुक्त राष्ट मुख्यालय को रोशनी से जगमगा दिया। इसके बाद अनुपम ने ट्वीट किया, ‘संयुक्त राष्ट्र की इमारत को रोशन करने का सम्मान मिला। न्यूयार्क अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी कर रहा है। यह लगातार दूसरा साल है, जब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय को विशेष तौर पर रोशन किया जा रहा है।’ संयुक्त राष्ट्र डाक प्रशासन (यूएनपीए) इस मौके पर विशेष टिकट जारी किया जिसमें भारत की पवित्र ध्वनि ‘ओम’ और विभिन्न योग आसनों की तस्वीरें होंगी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन और भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कई समारोहों की योजना तैयार की है। दूतावास शहर में अपने प्रमुख योग कार्यक्रम ‘रीचार्ज बैट्री एट बैट्री पार्क’ का आयोजन किया था, लेकिन वर्षा की वजह से बाधित हुए इस कार्यक्रम को बाद में वाणिज्यदूतावास परिसर में आयोजित किया गया। यहां आयोजित योग सत्रों में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों के अलावा अन्य लोगों ने भाग लिया। वाणिज्यदूत रीवा गांगुली दास ने वाणिज्यदूत परिसरों में योग दिवस समारोहों के आयोजन का नेतृत्व किया और योग एवं आर्ट ऑफ लिविंग सत्रों में भाग लिया। दो घंटे चले योग एवं ध्यान शिविरों में भाग लेने आए लोगों को योग एवं ध्यान कराए जाने से पहले योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश सुनाया गया।
चीन की दीवार पर भी हुआ योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लगभग 150 लोगों ने चीन की महान दीवार पर योग का अभ्यास किया। चीन की दीवार पर लाल टी-शर्ट पहने युवाओं को योग की कठिन मुद्राओं का अभ्यास करते देखना बेहद अद्भुत अनुभव रहा। भारत के विदेश राज्य मंत्री वी.के.सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सिंह ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बीजिंग आए थे, इसके बाद से वह यहीं हैं। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास की चाइनीज पीपुल्स एसोसिएशन फॉर फ्रेंडशिप विद् फॉरेन कंट्रीज (सीपीएएफएफसी) तथा योगी योग स्कूल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में योगी योग के संस्थापक मोहन सिंह भंडारी ने कहा, चीन के लोग समृद्ध हो रहे हैं, लेकिन उनके मानसिक तनाव का स्तर बढ़ रहा है। यही कारण है कि वे योग की शरण में आ रहे हैं। भंडारी चीन में साल 2003 से ही योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। भारत सरकार ने कार्यक्रम के लिए 20 योग प्रशिक्षकों को योग राजदूत के रूप में चीन भेजा था। पिछले कई वर्षो से चीन में योग को भारी प्रसिद्धि मिल रही है। चीन में योग संस्थानों की संख्या बढ़ रही है। बीजिंग में ऐसे 1,000 संस्थान हैं।
दक्षिण अफ्रीका में भी हुआ कार्यक्रम
दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग में आयोजित कार्यक्रम में बड़ीं संख्या में भारतीय मूल के लोगों के साथ स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। दक्षिण अफ्रीका में स्थित भारतीय दूतावास और आर्ट आफ लिविंग फाउन्डेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि योग हमारे स्थस्थ रहने में किस तरह सहायक हो सकता है।
माचू पिच्चू पर दिखा योग का असर
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया भर में जहां योग दिवस की धूम दिखाई दे रही है, वहीं पेरू में वर्ल्ड हेरिटेज साइट माचू पिच्चू पर भी योग किया गया। यहां माउंटेन पर चढ़ सैकड़ों लोगों ने योग किया।