देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 89 प्रतिशत से अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 79,000 से अधिक रोगी स्वस्थ हुए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि अब तक 68,74,000 से अधिक मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
स्वस्थ होने की दर में लगातार सुधार होने से मरीजों की संख्या घटकर कुल संक्रमित लोगों की केवल 9.29 प्रतिशत रह गई है। इस समय 7,15,000 मरीजों का उपचार चल रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 55,838 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब देश में संक्रमित लोगों की संख्या 77 लाख से अधिक है। अधिकारी ने बताया कि भारत विश्व के ऐसे देशों में बना हुआ है जहां प्रति दस लाख जनसंख्या में संक्रमित लोगों की संख्या सबसे कम है।
केंद्र सरकार की प्रभावी नीति तथा जांच, निगरानी और उपचार पर अमल करने से ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी आई है। इस समय भारत में मृत्यु दर 1.51 प्रतशित है जो वैश्विक स्तर पर सबसे कम मृत्यु दर में से एक है। पिछले 24 घंटों के दौरान 702 लोगों की मौत होने से देश में मृतकों की संख्या एक लाख 16 हजार 616 हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान 14,69,000 से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। अब तक देश में नौ करोड़ 86 लाख से अधिक कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है।