नेता से बड़ा कोई अभिनेता नहीं होता तो हम से बड़ा अभिनेता क्या होगा : हरक सिंह रावत
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सुर्खियों में रहने का हुनर खूब जानते है। अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर हरक सिंह रावत का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस वीडियो में कैबिनेट मिनिस्टर हरक सिंह रावत का अलग अंदाज नजर आ रहा है। वीडियो में वो गढ़वाली गाने में जमकर थिरकते नजर आए और गढ़वाली गाने पर डमकर ठुमका लगाते दिखे।
हाल ही में कोटद्वार में हुए कण्वाश्रम महोत्सव में डॉ. हरक सिंह रावत गढ़वाली गीतों पर झूमते नजर आए। उन्होंने कार्यक्रम का जमकर लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में गढ़वाली गीत बजने लगे तो मंत्री जी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। क्षेत्र की जनता ने भी उनका खूब उत्साहवर्धन किया।
वहीं अपने डांस वीडियों को लेकर हरक सिंह ने मजाकिया अंदाज में बयान दिया है। जिससे वहां उपस्थित सभी लोगों के चेहरे पर हंसी खिल उठी। उन्होंने कहा कि नेता से बड़ा कोई अभिनेता नहीं होता तो हम से बड़ा अभिनेता क्या होगा। अभिनेता तो बस तीन घण्टें की रील चलाते हैं, हम तो ऐसी रील चलाते हैं कि जब लोग वोट देते हैं उस समय कोई नहीं देख रहा होता कि वो वोट किसको देगा, और जब वो बटन दबाता है तो उसके दिल में हम रहते हैं, तो हमसे बड़ा कोई अभिनेता है क्या।
मंत्री ने कहा कि मैं कोई मंत्री हो गया तो क्या हुआ, क्या मैं डांस नही कर सकता। मैं कोई फिल्म में तो नाच नहीं रहा ना, ये तो हमारे रीतिरिवाज हैं। हरक सिंह रावक ने कहा कि मुझे नाचने के लिए बोला और मैं नाचने लगा तो इसमें बुराई क्या है।