कुशीनगर हादसे के कारण अमरोहा में काफी विलबं से पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अमरोहा की जनता ने जोरदार स्वागत किया। ग्राम स्वराज योजना के तहत अमरोहा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अमरोहा पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने 35 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके बाद नुमाइश मैदान में बने मंच को संभाला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को पीछे की ओर ढकेल चुकीं सरकारों को हमने आईना दिखा दिया है।
प्रदेश की बेहद खराब पड़ी कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम हमारी सरकार ने किया। भाजपा ने सिद्ध किया कानून का राज कैसा होता है। बेटियों की सुरक्षा के साथ किसी को खिलवाड़ करने की छूट नहीं देंगे। जो भी बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करेगा कानून बड़ी सख्ती के साथ उससे निपटने का कार्य करेगा। सख्ती के साथ ऐसे तत्वों से निपटने की कार्रवाई के लिए ही हमारी सरकार ने आते ही एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया था।
प्रदेश के पिछड़े गांव को विकास से जोड़ेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम प्रदेश के पिछड़े गांव को विकास से जोड़ेंगे। इसी क्रम में हमने ग्राम स्वराज योजना शुरू की है। देश की जनता ने 2014 में परिवर्तन किया और नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपी। इसके बाद से तो देश प्रगति की नई राह पर है। अब देश विकास कर रहा है। किसानों का कर्ज माफ हुआ। इसी क्रम में अमरोहा के 48,000 किसानों का कर्ज माफ किया गया। हमारी सरकार ने इस वर्ष किसानों से 16 लाख मीट्रिक टन गेहूं का क्रय सीधे किसानों से किया है। 1745 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से किसान को दे रहे हैं। 30 जून तक किसानों से प्रदेश के अंदर 5500 क्रय केंद्रों पर खरीद की जाएगी।
पिछले एक वर्ष के अंदर हमारी सरकार ने गरीबों, दलितों और वंचितों के लिए 11 लाख से अधिक आवास ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध कराएं है। 36 लाख से अधिक शौचालय उपलब्ध करवाए हैं। 40 लाख से अधिक लोगों को बिजली कनेक्शन देने का कार्य किया है। यहां भी उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन के साथ राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह तो अमरोहा वासियो का सौभाग्य है कि यहां पर गंगा माँ है और हस्तिनापुर वन सेंचुरी है। पहले यहां पर लोग सोचते थे गन्ना कैसे होगा। जब तक खेत मे गन्ना है तो हम मिले चलाएंगे। उन्होंने कहा कि एक बार विधानसभा चुनाव के दौरान हसनपुर में आया था। मेरी बात को मानकर आप लोगों ने महेन्द्र को जिताया। हसनपुर में आपका आभार जताने आया हूं। उन्होंने कहा कि युवा, किसान, महिला सभी के लिए काम करेंगे।