उत्तराखंड में कल तक भारी बारिश का पूर्वानुमान

देहरादून। उत्तराखंड में रूक-रूक कर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 24 घंटे में राज्य के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं बारिशष से मंगलवार सुबह बदरीनाथ नेशनल हाईवे और यमुनोत्री पैदल मार्ग कई घंटे बंद रहने की सूचना है। मसूरी के बाटाघाट के पास सड़क धंसने से बंद हुआ मसूरी मार्ग नहीं खोला जा सका।

उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। राजधानी दून में भी बारिश से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। जगह-जगह खुदी सड़कों के धंसने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। बारिश में मलबा आने से सुबह बदरीनाथ राजमार्ग लामबगड़ के पास बंद हो गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद बीआरओ ने रास्ता खोलकर यातायात बहाल किया। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर सुबह बोल्डर गिरने से यात्रियों और खच्चरों की आवाजाही ठप हो गई।

मीडिया रिपोर्ट में राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र के हवाले से बताया गया कि सुबह 11 बजे बोल्डर हटाकर मार्ग को खोल दिया गया। मसूरी के पास सोमवार को बाटाघाट में पुश्ता ढहने से बंद हुआ मसूरी-टिहरी मार्ग यातायात के लिए नहीं खुल पाया। इस कारण वाहनों को अन्य रास्तों से भेजा जा रहा है। प्रशासन ने शाम तक मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिए जाने की उम्मीद जताई है। मसूरी के आसपास के तीन संपर्क मार्ग भी अभी बंद हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे तक प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश फिलहाल चार-पांच दिन और चलेगी। अभी प्री-मानसून बौछारें पड़ रही हैं। राज्य में मानसून अगले कुछ एक दिन में प्रवेश करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *