मुंबई
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और त्रिपुरा की कैपिटल अगरतला में अचानक तेज बारिश हुई है। बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई के खार, अंधेरी और भिवंडी इलाके में बारिश से मौसम जहां खुशगवार हो गया, वहीं मात्र आधे घंटे की बारिश से अधिकांश इलाकों में पानी भर गया है।
यहीं हाल त्रिपुरा की राजधानी अगरतला की है, यहां भी अचानक तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। पूर्वोत्तर में नागालैंड के फेक जिले में लगातार हो रही बारिश से दो लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर भूस्खलन होने से मिजोरम का देश के अन्य हिस्सों से संपंर्क टूट गया। नागालैंड के फेक जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
नागालैंड राज्य आपदा प्रबंधक विभाग ने अपने बयान में कहा है कि दो लोग पानी में बह गए और कई अन्य लोग लापता हैं। मिजोरम की राजधानी एजल में मूसलाधार बारिश से एनएच 54 पर भूस्खलन हुआ जिससे राज्य का देश के अन्य हिस्सों से संपर्क टूट गया।राज्य में लगातार बारिश से बिजली एवं दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। बारिश से 120 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। उत्तरी राज्यों में गर्मी का कहर अब भी जारी है, जहां पिछले दो दिनों में हल्की बारिश हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई है यहां बीते दिन अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24़ 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और राजस्थान में के कुछ हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा।