हाथरस: हाथरस जा रहे राहुल और प्रियंका को पुलिस ने किया गिरफ्तार | Nation One

हाथरस में युवती के साथ हुई दरिंदगी की घटना और उसके बाद देर रात किए गए अंतिम संस्कार को लेकर देशभर में लोग बौखलाए हुए हैं। वहीं इसी बीच हाथरस जा रहें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि ग्रेटर नोएडा के पास यूपी पुलिस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई और धक्कामुक्की के कारण राहुल गांधी ज़मीन पर गिर पड़े। गुरुवार दोपहर दिल्ली से कुछ दूरी पर जब दोनों नेताओं का काफिला ग्रेटर नोएडा के करीब पहुंचा, तो यूपी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

वहीं उसके बाद राहुल और प्रियंका पैदल ही हजारों कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस के लिए रवाना हो गए। गौर देने वाली बात यह है कि प्रशासन ने हाथरस की सीमाओं को सील किया हुआ है और धारा 144 लगाई गई है।

वहीं जिस जीप में दोनों नेताओं को ले जाया जा रहा है, उसपर कांग्रेस कार्यकर्ता चढ़ गए हैं। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया। हालांकि, इसके बाद पुलिस राहुल-प्रियंका को जीप में बैठाकर ले गई. दोनों नेताओं को एक्सप्रेस-वे पर F1 गेस्ट हाउस ले जाया जा रहा है।