Gun licence : सलमान को आत्मरक्षा के लिए मिला बंदूक रखने का लाइसेंस, मिली थी जान से मारने की धमकी | Nation One
Gun licence : अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को हाल में जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया था। सलमान के परिवार की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी।
सलमान ने भी अपने स्तर से सुरक्षा के इंतजाम को पुख्ता कर लिया है। हाल में अभिनेता ने गन लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। अब जानकारी सामने आ रही है कि उन्हें बंदूक का लाइसेंस मिल गया है।
Gun licence : ANI को मुंबई पुलिस ने दी जानकारी
ANI के अनुसार, सलमान को बंदूक का लाइसेंस जारी कर दिया गया है। इस संबंध में मुंबई पुलिस ने कहा, “अभिनेता सलमान ने हाल ही में मिले धमकी भरे पत्र के कारण आत्मरक्षा के दृष्टिकोण से गन लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, जिसे उन्हें जारी कर दिया गया है।”
सलमान के एक प्रतिनिधि ने पुलिस मुख्यालय से बंदूक का लाइसेंस प्राप्त किया। काफी औपचारिकताओं को निभाने के बाद यह लाइसेंस उनको मिला।
Gun licence : पुलिस कमिश्नर से मिले थे सलमान
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, एक वरिष्ठ IPS अधिकारी ने बताया कि लाइसेंस हाल ही में तब प्रिंट हुआ था, जब अभिनेता ने अपने हथियार लाइसेंस के आवेदन के संबंध में मुंबई के पुलिस कमिश्नर विवेक फनसालकर से मुलाकात की थी।
बता दें कि सलमान 22 जुलाई को पुलिस कमिश्नर के दफ्तर पहुंचे थे। उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर को कहा था कि वह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बंदूक रखना चाहते हैं।
Gun licence : अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद दिया गया लाइसेंस
सलमान के अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल और फिजिकल वैरिफिकेशन के बाद उन्हें गन लाइसेंस दिया गया। उनके फाइल को सत्यापित करने के लिए पुलिस कमिश्नर (जोन9) के ऑफिस में भेजा गया था।
Gun licence : हाल में सलमान ने अपनी कार को बुलेटप्रूफ में किया अपग्रेड
हाल में सलमान ने अपनी कार को बुलेटप्रूफ में अपग्रेड कर लिया है। कहा जा रहा है कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उनके गिरोह से मिली धमकी के बाद सलमान ने अपनी कार को अपग्रेड करने का निर्णय लिया।
खबरों की मानें तो सलमान ने अपनी कार को लैंड क्रूजर नामक गाड़ी में अपग्रेड किया है, जिसमें बुलेटप्रूफ ग्लास लगे हुए हैं। इस कार को उनके बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में देखा गया है।
Gun licence : जून में पुलिस ने मामले में दर्ज की थी FIR
जून में मुंबई पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की थी। बांद्रा पुलिस ने बताया था कि यह धमकी भरा पत्र सलमान के पिता सलीम को सुबह टहलने जाने के दौरान एक टेबल पर रखा मिला था।
पत्र में लिखा था, ‘सलमान खान का भी मूसेवाला जैसा हाल कर दूंगा।’ बता दें गैंगस्टर लॉरेंस ने 2018 में भी सलमान को जोधपुर में जान से मारने की धमकी दी थी। उसकी इस धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
Gun licence : विक्की और कैटरीना को जान से मारने की धमकी
कुछ समय पहले ही विक्की कौशल और कैटरीना कैफ को जान से मारने की धमकी मिली थी। मामले में स्ट्रगलिंग ऐक्टर मानविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। हाल में अभिनेत्री स्वरा भास्कर को भी ऐसी ही धमकी मिली थी।
Also Read : UP News : खेत को बचाने के लिए महिला ने ट्रैक्टर के आगे फेंक दी दुधमुंही बच्ची, पढ़ें पूरी खबर | Nation One