
प्रदेश के किसानों का हित सरकार की पहली प्राथमिकता: भूपेश बघेल
डोंगरगढ़: सीएम भूपेश बघेल आज डोंगरगढ़ दौरे पर हैं। अपने इस दौरे पर उन्होनें जनता को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों का हित राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। राज्य सरकार ने कैबिनेट की प्रथम बैठक में ही किसानों की कर्जमाफी और धान की खरीदी 2500 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर करने का फैसला लिया। राज्य सरकार ने किसानों की लिंकिंग की राशि लौटाकर दस दिनों में अपने वायदे को प्राथमिकता से पूरा किया। मुख्यमंत्री आज राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित तीर्थ मां बम्लेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद छिरपानी प्रांगण में आयोजित अभिनंदन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में डोंगरगढ़ के नागरिकों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने इसके पहले मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ भूमि में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री बघेल ने सहायक प्राध्यापकों के रिक्त 1384 पदों को भरने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मां बम्लेश्वरी आशीर्वाद से प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। किसानों के प्रति हमारी बड़ी जिम्मेदारी है। किसानों का यह अधिकार है कि उन्हें फसल का उचित मूल्य मिले। किसानों के पास बचत नहीं हो पा रही थी, इसलिए उनकी खेती पिछड़ रही थी। उपज का अच्छा मूल्य मिलने से किसानों के पास अपनी खेती में निवेश करने के लिए पूंजी आएगी और खेती की उन्नति होगी।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री बघेल ने किया महाराष्ट्र मण्डल के कैलेण्डर का विमोचन
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा इस्पात संयंत्र के लिए बस्तर जिले के लोहांडीगुड़ा क्षेत्र में किसानों की अधिग्रहित 4200 एकड़ भूमि लौटाने का निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे बिजली के आम उपभोक्ताओं के लिए हों अथवा किसानों, बिजली बिल आधा करने का फैसला भी राज्य शासन ने किया है। इससे बिजली उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लिए किए गए वायदे पूरे किए जाएंगे। चाहे वे कर्मचारी हों या पुलिस के कर्मचारी अथवा पत्रकार साथी हों।