केन्द्र सरकार ने फीचर फोन या लैंडलाइन फोन वाले लोगों के लिए आरोग्य सेतु आईवीआरएस सेवा शुरू की है। यह टोल फ्री सेवा देशभर में उपलब्ध है। इस सेवा के लिए लोगों को 1 9 2 1 नम्बर पर मिस्ड कॉल करनी होगी। इसके बाद उस व्यक्ति को फोन किया जाएगा और उसके स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी।
व्यक्ति से वही सवाल पूछे जाएंगे जो आरोग्य सेतु ऐप पर उपलब्ध हैं। प्रश्नों के उत्तर के आधार पर नागरिकों को एसएमएस के जरिए उनके स्वास्थ्य की स्थिति बताई जाएगी और भविष्य में अन्य अलर्ट भेजे जाएंगे।
मोबाइल सेवा की तरह यह सेवा 11 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। इस सेवा पर उपलब्ध कराई गई नागरिकों की जानकारी आरोग्य सेतु डाटाबेस का हिस्सा होगी। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अलर्ट भेजने के लिए इस जानकारी का उपयोग किया जाएगा।
आरोग्य सेतु मोबाइल ऐप इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने विकसित किया है। यह लोगों को नोबेल कोरोना वायरस के संक्रमण के जोखिम का आकलन करने की सुविधा देता है। सरकार ने सभी नागरिकों से यह मोबाइल ऐप डाउनलोड करने का आग्रह किया है। यह ऐप व्यक्ति को कोविड-19 रोगी के निकट आने या उसके आसपास होने के बारे में सूचना देता है।