प्रसिद्ध झंडा मेला हुआ शुरू, झंडाजी के आरोहण पर उमड़ी भक्तों की भीड़

राजधानी का प्रसिद्ध झंडा मेला शुरू हो गया है। दरबार साहिब में योगी गुरु राम राय के जन्मोत्सव के मौके पर हजारों भक्तों के सैलाब के बीच झंडाजी का आरोहण हुआ। श्रीमहंत देवेंद्र दास की अगुवाई में झंडा साहब से पुराने गिलाफ को उतारकर नया गिलाफ चढ़ाया। जिसे देखने लाखों की संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम चार बजे नए झंडा जी का आरोहण पूरा हुआ।

लगभग एक महीने तक झंडा मेला चलेगा। आरोहण पूरा होते ही झंडा बाजार, अखाड़ा बाजार, सहारनपुर चैक तक का क्षेत्र गुरु रामराय व झंडा साहिब के जयकारों से गूंज उठा। नये झंडे जी को दूध, दही, मक्खन, शक्कर और पंचामृत से स्नान करवाया गया। झंडा साहिब को स्नान करवाने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही। हर कोई भक्त झंडा जी को छूने को बेताब था। इससे पहले दोपहर साढ़े 12 बजे से भक्तों ने झंडा साहिब का पूजन किया। इसके बाद झंडे जी को गिलाफ पहनाने की प्रक्रिया आरंभ हुई।

चारों ओर गूजंने लगे गुरु राम राय महाराज के जयकारे

सबसे पहले मारकीन के बने 40 सादे गिलाफ चढ़ाए गए। इसके बाद मखमली कपड़े से तैयार किए गए सनील के 20 सादे गिलाफ झंडा साहिब को अर्पण किए गए। झंडे जी के सबसे बाहरी आवरण पर सबसे अंत में सुनहरे गोटों से सुसज्जित मखमली दर्शनी गिलाफ चढ़ाया गया। इसके बाद शिखर पर चंवर लगाया गया। महंत देवेन्द्र दास ने रीति रिवाज पूर्वक पूजन के बाद संगतों को झंडा आरोहण शुरू करने का निर्देश दिया। लकड़ी से बनी चार कैंचियों व चार मोटे रस्सों की मदद से जैसे ही 90 फुट ऊंचा झंडा ऊपर उठना शुरू हुआ चारों ओर गुरु राम राय महाराज के जयकारे गूजंने लगे। घरों की छत, झंडा व दरबार साहिब में मौजूद श्रद्धालु इस पल के गवाह बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *