शर्मनाक: विक्रम में बैठे युवकों ने की छेड़छाड़, इज्जत बचाने के लिए महिला ने विक्रम से लगाई छलांग

विक्रम में बैठे युवकों ने की छेड़छाड़

देहरादून : देवों की भूमि कहे जाने वाले उत्तराखंड में आए दिन महिलओं और बच्चियों के साथ छेड़छाड़ जैसे मामले सामने आ रहे है। वहीं राजधानी देहरादून में लगातार महिलाओं की सुरक्षा को पुलिस के दावों पर सवालिया निशान खड़े हो रहे है।

घटना मंगलवार रात करीब रात 8 बजे की बतायी जा रही है जब छेड़छाड़ से बचने के लिए एक महिला ने चलते विक्रम से छलांग लगा दी। हादसे में महिला बुरी तरह से घायल हो गई। आरोप है कि महिला के शोर मचाने पर भी चालक ने विक्रम नहीं रोका। कुछ देर बाद उसने सवारियां उतारने के लिए विक्रम रोका तो पुलिस ने उसे दबोच लिया।

ये भी पढ़ें : उत्तराखंड, कश्मीर समेत इन सात राज्यों को मिले नए राज्यपाल,लालजी टंडन बने बिहार के गवर्नर

जानकारी के मुताबिक एक महिला शिवाजी धर्मशाला के पास से विक्रम में बैठी थी। विक्रम में पहले से ही पांच युवक बैठे हुए थे। विक्रम कुछ दूर ही चला था कि युवकों ने महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका महिला ने विरोध किया और चालक से विक्रम रोकने को कहा। लेकिन, चालक ने विक्रम की गति को भी धीमा नहीं किया। जिसके बाद छेड़छाड़ से घबराई महिला ने माता वाला बाग के सामने विक्रम से छलांग लगा दी। महिला के गिरने के बाद भी चालक ने विक्रम नहीं रोका। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।

भीड़ में से किसी ने कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी तो विक्रम चालक लाल पुल पर पकड़ा गया, लेकिन तब तक वह विक्रम में सवार उन सवारियों को उतार चुका था। कोतवाल बीबीडी जुयाल ने बताया कि चालक का नाम सुक्रांत कुमार है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि छेड़छाड़ के आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लालपुल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली हैं। इनमें कुछ संदिग्ध लोगों को देखा गया है जो इस विक्रम से उतरते प्रतीत हो रहे हैं।

मंगलवार रात घटी यह घटना राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को पुलिस के दावों पर सवालिया निशान लगा रही है। यही नहीं शहर में रोज सड़कों पर विक्रम दौड़ाने वाले इस चालक के मन में पुलिस का खौफ नहीं रहा। यही कारण था कि उसने महिला के कूदने के बावजूद विक्रम को नहीं रोका।