कुशीनगर : एक बार फिर मानवता शर्मशार हुई है। अंधविश्वास के चक्कर में एक तांत्रिक ने एक 8 वर्षीय बच्चे को बहला-फुसला कर उसकी हत्या कर दी।
बच्चे के शरीर में करंट के निशान…
घटना कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। एक आठ वर्षीय बच्चे को अपनी जान गंवानी पड़ गई। बच्चे के शव को एक गड्ढे से बरामद किया गया है। लड़के के शरीर पर करंट के निशान पाए गए हैं। मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के ही एक दंपति पर अपहरण तथा हत्या का मामला पुलिस ने दर्ज करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
रात को गांव के व्यक्ति ने घर पर दी जानकारी…
मिली जानकारी के अनुसार जंगल लाला छपरा के टोला मटियारवा निवासी हरिलाल का आठ वर्षीय बेटा नीरज शनिवार की दोपहर से गायब हो गया था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे आसपास और रिश्तेदारी में खोजना शुरू किया लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस को सूचना देने के साथ ही खोजबीन जारी ही थी कि अचानक रात को गांव के ही एक व्यक्ति ने लड़के के घर आकर सूचना दी कि एक लड़के का शव गड्ढे में दिखाई दे रहा है।
खेत में छिपे तांत्रिक और उसकी पत्नी को…
ग्राम प्रधान के साथ दर्जनों की संख्या में रात को ही गड्ढे के पास पहुंचे लोगों ने मच्छरदानी में लिपटे बच्चे के शव को पानी से भरे गड्ढे से निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बच्चे के मृत शरीर पर बिजली के करंट के निशान देखे गए और साथ ही मुंह में खून लगा हुआ था। तांत्रिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने खेत में छिपे तांत्रिक और उसकी पत्नी को पुलिस के हवाले कर दिया।