एकता कपूर टीवी की दुनिया का एक जाना पहचाना चेहरा बन चुकी हैं। टेलिविज़न निर्माता के रूप में उन्होंने वह इतना आगे बढ़ चुकी हैं कि शायद ही कोई उन्हें पीछे छोड़ पाए। एकता कपूर बालाजी टेलीफिल्म्स की संयुक्त प्रबंधक निदेशक हैं। बहरहाल, उनके बर्थडे पर आइये जानते हैं उनसे जुड़ीं कुछ खास बातें। 7 जून 1979 को मुंबई में एक्टर पिता जीतेंद्र और मां शोभा कपूर के घर जन्मीं यह लाडली कब बॉलीवुड की लाडली बन जायेंगी ऐसा किसी ने नहीं सोचा था। एकता कपूर के सीरियलों से निकले कई एक्टर्स बॉलीवुड में आज बड़े नाम बन गए हैं चाहे वो ’हम पांच’ की विद्या बालन हो या ’किस देश में है मेरा दिल’ के सुशांत सिंह राजपूत। प्राची देसाई, रोनित रॉय जैसे भी कई एक्टर एकता के सीरियलों से ही निकलकर बड़े परदे तक पहुंचे। टीवी के सबसे महंगे स्टार्स में से एक राम कपूर को भी असली पहचान एकता कपूर के धारावाहिकों से ही जुड़ कर मिली!
एकता कपूर का ’प्यार’,एकता कपूर ने अपनी स्कूली पढ़ाई बांबे स्कॉटिश स्कूल, माहिम से की है। इसके बाद कॉलेज की पढ़ाई उन्होंने मीठीबाई कॉलेज से की। बता दें कि एकता कपूर अविवाहित हैं। लेकिन, प्यार करना उन्हें खूब आता है। हम बता दें कि एकता चॉकलेट ही नहीं बल्कि एनिमल लवर भी हैं। एकता सबसे ज्यादा अपनी मां शोभा कपूर से प्यार करती हैं। मां शोभा उनकी बिज़नेस पार्टनर भी हैं। यही नहीं एकता को अध्यात्म और न्यूमरोलॉजी से भी गहरा लगाव है।
टीआरपी क्वीन , एकता ने कई टीवी कार्यक्रम जैसे- हम पांच, क्योंकि सास भी कभी बहू थी, कहानी घर-घर की, कसौटी ज़िंदगी की, कहीं तो होगा, कहीं किसी रोज, कुसुम, कैसा ये प्यार है, कसम से, बंदनी, पवित्र रिश्ता, बड़े अच्छे लगते हैं, परिचय, क्या हुआ तेरा वादा और गुमराह जैसे लगभग 40 से ज्यादा टीवी सीरियलों और फिल्मों का निर्माण किया है। उनके ज़्यादातर टीवी शोज़ सुपरहिट साबित हुए और हमेशा ही टीआरपी लिस्ट में पहले पायदान पर रही हैं।
बड़े परदे पर भी बनायी पहचान ,साथ ही एकता ने बॉलीवुड के लिए भी कई फिल्मों का निर्माण किया है। लव सेक्स और धोखा, वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई, शोर इन द सिटी, रागिनी एमएमएस और द डर्टी पिक्चर जैसी फिल्में सफल रही हैं तो उनकी कुछ फिल्में बुरी तरह पिटी भी। लेकिन, एकता का आत्मविश्वास कभी कम नहीं हुआ और उनकी यात्रा लगातार ज़ारी है। गौरतलब है, कि हाल ही में रिलीज़ हुई उनकी फिल्म हाफ गर्लफ्रेंड’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कामयाबी पाई है।
बदलते समय पर नज़र ,बदलते समय की ज़रूरत को समझते हुए एकता कपूर डिजिटल प्लेटफोर्म पर भी काफी सक्रिय हो गयी हैं। उन्होंने एटीएल बालाजी के नाम से एक एप्प शुरू किया है जिसके लिए वो आज की जेनेरेशन के मद्देनज़र एक से एक प्रोग्राम बना रही हैं। इस प्लेटफोर्म पर भी उनका जादू चलता हुआ दिखने लगा है और ’कर ले तू भी मोहब्बत’, ’बेवफा से वफा जैसे प्रोग्राम आते ही हिट हो गए हैं! आज सब कुछ तेज़ी से बदल रहा है ऐसे में डिजिटल प्लेटफोर्म की ताकत को समझते हुए एकता का यह कदम देखकर कहा जा सकता है कि एकता कपूर समय के नब्ज़ को पकड़ कर चलना जानती हैं और शायद यही उनकी कामयाबी का भी राज़ है। हमने कई बार देखा है कि एकता कपूर के पिता जीतेंद्र अपनी बेटी की कामयाबी से फूले नहीं समाते! ऐसा कहा जाता है कि एक बार एकता ने वादा कर दिया तो फिर वो अपने आप की भी नहीं सुनतीं! इनदिनों वो नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जीवनी पर एक महत्वाकांक्षी वेब सीरिज़ के निर्माण में व्यस्त हैं।