
देहरादून में दशहरे की धूम, कई स्थानों पर आज होगा रावण दहन….
देहरादून: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी के पर्व की तैयारियां द्रोणनगरी में पूरी कर ली गई है। शहर में लंकापति रावण,कुंभकरण और मेघनाद के विशालकाय पुतले बनाए गए हैं। कहीं रावण दहन तो कहीं लंका दहन की तैयारियां चरम पर है।
शहर के बीचोंबीच परेड ग्राउंड में दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की ओर आयोजित 71वें दशहरा महोत्सव की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए कमेटी की ओर से रावण का 60 फीट का पुतला और तीन मंजिल ऊंची लंका का निर्माण किया गया है। शुक्रवार को इनका दहन और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। कमेटी की ओर से रावण के अलावा 55 फीट के कुंभकरण और 50 फीट के मेघनाद का पुतला भी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: नहीं रहे पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ,दिल्ली के मैक्स अस्पताल में ली अाखिरी सांस..
आपको बता दें कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी सैन परिवार ने पुतलों और लंका का निर्माण किया है। लकड़ी, कागज, भूसे और कपड़े से बने पुतले को परेड ग्राउंड में खड़ा किया गया है। वहीं, पुतलों में पटाखे लगाने का काम भी लगभग पूरा हो गया है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए लंका और पुतलों में विभिन्न रंगों की लाइटें लगाई गईं हैं।
आज शाम 6:05 बजे होगा रावण दहन
बन्नू बिरादरी के अध्यक्ष हरीश विरमानी ने बताया कि शुक्रवार को कालिका मंदिर मार्ग से मोती बाजार, पल्टन बाजार, राजपुर रोड, एस्लेहॉल चौक, परेड ग्राउंड तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6:05 मिनट पर रावण दहन किया जाएगा। इससे पहले साढ़े पांच बजे लंका दहन होगा।