बीजिंग। रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण का नाथूला दौरा चर्चा में है। चीनी सैनिकों के साथ उनके सद्भावना पूर्ण मिलने को भारत के साथ चीन में भी लोग पसंद कर रहे हैं। दरअसल सीतारमण जब रक्षा तैयारियों का जायजा लेने नाथूला गईं, तो सीमा पर मौजूद चीनी सैनिकों को उन्होंने नमस्ते करना सिखाया और उसका अर्थ समझाया।
चीनी सैनिकों ने इसके जवाब में निर्मला का ‘नी हाओ’ से अभिवादन किया। उनका ये वीडियो देखते ही देखते दोनों देशों में वायरल हो गया और लोग इसकी खूब तारीफ कर रहे हैं। डोकलाम को लेकर भारत के खिलाफ आग उगल रही कई चीनी मीडिया संस्थानों ने भी भारतीय रक्षामंत्री का यह वीडियो शेयर किया है।
चीन के एक सरकारी अखबार ने दक्षिण एशिया मामलों के जानकार किएन फेंग के हवाले से लिखा है कि इस सद्भावना पूर्ण लहजे ने द्विपक्षीय संबंधों के सुधारने और आपसी रिश्तों को वापस पटरी पर लाने की कड़ी में अच्छा संदेश दिया है। चीन का ट्विटर कहलाने वाले वेइबो पर ऐसे ही एक यूजर टू युयेई लिखते हैं कि भारत की महिला रक्षामंत्री ने सीमा समस्या का सीधे सामना किया। कितनी बहादुर महिला हैं।