RSS के करीबी, पिता सेना में रहे… जानिए पुष्कर सिंह धामी के बारे में ये अनकही बातें | Nation One
उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। देहरादून में शनिवार को हुई बीजेपी की विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कई नाम इस पद के लिए रेस में थे, जिनको पीछे करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने बाजी मार ली। पुष्कर सिंह धामी आज ही शपथ भी ले लेंगे। शपथग्रहण समारोह शाम छह बजे होगा।
धामी का जन्म 16 सितंबर, 1975 को पिथौरागढ़ के डीडी हाट तहसील के टुंडी गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम शेर सिंह धामी है। उनके पिता सेना में थे, इसलिए बचपन से ही धामी अनुशासित रहे हैं।
उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन और औद्योगिक संबंध विषय में मास्टर डिग्री ली है। उन्होंने एलएलबी की शिक्षा भी प्राप्त की है। साल 2017 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपना पेशा वकालत बताया था। धामी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
धामी ने अपनी राजनीतिक करियर की शुरुआत बीजेपी की छात्र इकाई ABVP से की थी। साल 1990 से 1999 तक जिले से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे। बाद में वह AVBP के प्रदेश मंत्री बनाए गए।
उत्तराखंड बनने के बाद धामी ने प्रदेश की राजनीति में भी मजबूत मुकाम हासिल किया। धामी ग्राउंड पर काम करने वाले नेता माने जाते हैं। उत्तराखंड बनने के बाद उन्होंने सीएम कोश्यारी के एक अनुभवी सलाहकार के रूप में 2002 तक कार्य किया।
धामी 2002 से 2008 तक दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। बेरोजगारी और युवाओं के तकनीकी शिक्षा पर विधानसभा में धामी अक्सर सवाल उठाते रहे हैं। आरएसएस के करीबी माने जाने वाले पुष्कर सिंह धामी दो बार खटीमा से विधायक चुने जा चुके हैं।
दरअसल, तीरथ सिंह रावत इसी साल 10 मार्च को मुख्यमंत्री बने थे, जिसकी वजह से उन्हें 10 सितंबर तक किसी भी सूरत में विधायक बनना ही था। बता दें कि कोरोनाकाल की वजह से उप-चुनाव का अभी तक ऐलान नहीं हुआ है, ऐसे में बीजेपी ने मुख्यमंत्री को बदलने का फैसला किया।
इसके बाद, तीरथ सिंह रावत की रावत की जगह अब पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाया गया है। पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। 45 साल के धामी सूबे के अबतक के सबसे युवा सीएम होंगे।