छत्तीसगढ़ में नगर निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को मतगणना जारी है। इसके साथ ही नतीजे सामने आना शुरू हो गए हैं।
प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भाजपा और कांग्रेस का खाता खुल गया है। हालांकि पूरे राज्य में कांग्रेस के उम्मीदवार आगे हैं, वहीं भाजपा पिछड़ती नजर आ रही है।
राज्य में 10 नगर निगम, 38 नगर पालिका, 103 नगर पंचायत और 151 नगरीय निकायों के लिए सोमवार को मतदान हुआ था।
राजधानी रायपुर नगर निगम की 70 में से 38 वार्डों में कांग्रेस आगे चल रही है। इसके अलावा बीजेपी 23, जोगी कांग्रेस दो और निर्दलीय प्रत्याशी सात वार्डों में आगे चल रहे हैं।
दंतेवाड़ा के गीदम नगर पंचायत के 15 वार्डों में से कांग्रेस को 10, भाजपा को दो और निर्दलियों को तीन वार्डों में जीत मिली है।
वहीं कोरबा के पाली नगर पंचायत के 15 में से 11 वार्ड में कांग्रेस की जीत हुई है। जबकि चार में भाजपा प्रत्याशी जीते। पहली बार पाली नगर पंचायत को कांग्रेस का अध्यक्ष मिलेगा।