अप्रैल से केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में सस्ती उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। केंद्रीय नागरिक उड्यन मंत्रालय ने राज्य सरकार को तैयारी शुरू करने को कहा है। बुधवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों ने सचिवालय में आयोजित हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान बताया कि उड़ान के तहत हुए दूसरे चरण के टेंडर जल्द होने वाले हैं।
इसमें राज्य के सभी रूटों पर भी विचार किया जाएगा। इससे पहले सरकार को इससे जुड़ी सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। टेंडर में यदि राज्य के रूटों का चयन होता है तो फिर नागरिक उड्डयन मंत्रालय की टीम राज्य के हैलीपैडों का निरीक्षण करेगी। इसके बाद ही उडान की अंतिम इजाजत मिल सकेगी।
किराया 15 सौ रुपये से शुरू
हवाई रूटों पर किराया 1500 से लेकर 5000 के बीच हो सकता है। इसमें हेलीकॉप्टर और एयरक्राफ्ट का किराया शामिल है। विदित है कि पहले चरण के टेंडर में राज्य के दिल्ली- पंतनगर-दून – पंतनगर- दिल्ली रूट के लिए डेक्कन एयरवेज का चयन किया गया था। पंतनगर का मौसम इस समय उड़ान के लिए उपयुक्त नहीं है, इसलिए फरवरी अंत तक यह सेवा शुरू हो सकती है। डेक्कन के नार्थ रीजन हेड ब्रिगेडियर देवेंद्र सिंह ने कहा कि दून- पंतनगर रूट की तैयारी पूरी कर ली गई है। फरवरी से सस्ती उड़ान शुरू हो सकती है।