
उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, गंगोत्री-यमुनोत्री में हुई बर्फबारी, ठंड में हुआ इजाफा…
गंगोत्री: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और बारिश से समूचे इलाके में कड़ाके की ठंड हो रही है। इसके साथ ही मौसम और भी ज्यादा खुशनुमा हो गया है। वही बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हुई, जबकि बदरीनाथ की ऊंची चोटियों पर दोपहर बाद हिमपात हुआ। वहीं, धाम में ओलावृष्टि होने से तापमान शून्य के आसपास रेकॉर्ड किया गया। पहाड़ी जिले चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी व पौड़ी में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई।
उधर, मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद फिर से चटख धूप खिल गई। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 24 घंटे में उत्तराखंड का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दून का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 व 11 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
मैदान में कहीं-कहीं सुबह के समय कोहरा छाने का अनुमान है। दून में दिन का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 12.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 16.7 और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार देर रात दून में गरज के साथ बादल घिर आए। करीब पौने 12 बजे दून के कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हुई। जिससे ठंड में इजाफा हो गया। वहीं, मध्य रात्रि के बाद भी कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ी।