बरेली
बरेली जिले में आज तड़के बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस लोमहर्षक सड़क हादसे में लगी आग में झुलसकर 22 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 15 अन्य यात्रियों के जख्मी होने की खबर है। घटना की जानकारी दे रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेन्द्र कुमार ने कहा कि रविवार देर रात करीब दो बजे गोंडा डिपो की बस दिल्ली से लौटते समय तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ गई।
यात्री बस को लखन नामक चालक चला रहा था। दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भ्रमित होने के कारण ही बस गलत दिशा में चली गई और तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। इस भिड़ंत के बाद दोनों ही वाहनों में जबरदस्त आग लग गई। इससे पहले कि यात्री जान बचाने बाहर निकल पाते वाहन बुरी तरह आग की लपेट में आ गया और इसमें 22 बस यात्रियों की जल कर मौत हो गई। लाशें इतनी बुरी तरह जल चुकी हैं कि उनका पोस्टमार्टम से ही पता चलेगा कि मृतकों में कितने पुरुष, महिलाएं और कितने बच्चे रहे हैं। इस घटना में 15 अन्य यात्री आग से झुलस गए। रात करीब 2 बजे फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तो 2 पैसेंजर्स को गेट पर ही जलते देखा। इस लोमहर्षक घटना को देखने वाले सभी यात्रियों की सलामती की दुआ करते रहे, लेकिन आग की चपेट में आए यात्रियों के जले हुए शव ही मिले।