बुली बाई एप के बारे में तो अब तक आप सब सुन ही चुके होंगे। लेकिन आपको ये सुनकर हैरानी होगी की बुली बाई पर मुस्लिम महिलाओं की बोली लगवाने की मास्टरमाइंड महज 18 साल की लड़की निकली। जी हां महज 18 साल। आरोपी श्वेता सिंह को मुबंई पुलिस ने उत्तराखंड के रुद्रपुर से गिरफ्तार किया है।
वहीं बुली बाई एप मामले में मुंबई पुलिस रूद्रपुर के बाद कोटद्वार भी पहुंची और देर रात नींबूचौड़ इलाके से शुभम रावत नाम के युवक को भी गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय शुभम दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
एसपी सिटी ममता बोहरा के मुताबिक आरोपी श्वेता सिंह ‘जट खालसा 7’ नाम से अकाउंट संचालित कर रही थी, जिससे कई मुस्लिम महिलाओं की फोटो शेयर की गईं थीं।
जानकारी के अनुसार बुली बाई एप पर आरोपी श्वेता, जट खालसा 7 नामक अकांउट को जनरेट करने वाले बेंगलुरू से गिरफ्तार विशाल कुमार के संपर्क में भी थी। युवती ने हाल ही में 12वीं पास की है।
पुलिस की तरफ से यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी श्वेता, गाइयू नामक नेपाली युवक के संपर्क में थी। जिसके बाद ही श्वेता ने अपने ट्वीटर हैंडल का नाम बदल दिया था।
बताया जा रहा है कि उस युवक ने ही श्वेता को कहा था कि वह इस अकाउंट की जगह फेक अकाउंट बना ले। जिसके बाद श्वेता ने अपने अकाउंट का नाम इनफिनीट्यूड 07 से बदल कर जट खालसा 7 रख दिया। इसी अकाउंट से उसने बुली बाई एप में मुस्लिम महिलाओं की बोली लगवाई।
मुबंई पुलिस इस पूरे मामले में उस नेपाली युवक की तलाश में भी जुट गई है। बताया जा रहा है कि युवक के साथ कुछ और लोग भी हो सकते है।
वहीं सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड एसटीएफ भी इस मामले में कुछ बड़ा खुलासा कर सकती है। दोनों साइबर थानों की पुलिस सक्रिय हो गई है। सोशल मीडिया मॉनेटेरिंग सेल को भी निगरानी के निर्देश दिए गए है।