मोर्टार को तोड़ते समय हुआ ब्लास्ट, 2 की मौत

एक स्क्रैप फैक्ट्री में मोर्टार तोड़ते हुए ब्लास्ट हो गया। घटना फरीदाबाद के खेड़ी गुजरान गांव की है। इस ब्लास्ट में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में से एक के शव के टुकड़े 300 गज तक फैल गए। वहीं दूसरा युवक वहीं मृत मिला। इस फैक्ट्री में स्क्रैप में आए लोहे व अन्य धातुओं को पिघलाकर उनकी सिल्लियां बनाई जाती थी। मृतकों में एक फैक्ट्री का पार्टनर भी शामिल है।

गांव खेड़ी गुजरान में लोहित इंड्रस्ट्री के नाम से स्क्रैप फैक्ट्री चल रही थी। इस फैक्ट्री में स्क्रैप को गलाकर उसकी सिल्लियां बनाई जाती थी। फैक्ट्री के मालिक जावेद और उदयभान थे। बुधवार को इन्हें स्क्रैप में 5 मोर्टार मिले थे। इन मोर्टार में से 2 को तो इन्होंने तोड़ दिया था और तीसरे को तोड़ रहे थे।

300 गज तक फैल गए एक के शव के टुकड़े

मोर्टार को तोड़ते हुए अचानक से ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में उदयभान और एक लेबर छोटू की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि उदयभान की बॉडी के टुकड़े 300 गज के इलाके में फैल गए। पुलिस और फायरबिग्रेड मौके पर पहुंची लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।

डीसीपी एनआईटी केपी सिंह का कहना है स्क्रैप में विस्फोट की सूचना मिली थी जिसके आधार पर यहां पहुंच कर उसकी जांच की जा रही है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि दोनों लोगों के चिथड़े उड़ गए। मृतक उदयभान के पार्टनर जावेद का कहना है कि काफी संख्या में स्क्रैप हरिद्वार से लेकर आया था। इसी को टुकड़ों में बांटने का काम दोनों कर रहे थे और तभी अचानक विस्फोट हुआ और उदयभान व छोटू की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *