आईजोल
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के दौरे के दौरान एक बीफ पार्टी का आयोजन किया गया। बीफ पार्टी, वध के लिए पशुओं की बिक्री पर रोक लगाने वाले नए कानून के खिलाफ आयोजित की गई। वनापा हाल में आयोजित इस बीफ पार्टी में 2,000 से अधिक लोग जमा हुए थे। यह स्थान राजभवन से मात्र 200 मीटर की दूरी पर है। राजनाथ सिंह यहीं राजभवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में भारत-म्यांमार सीमा पर सुरक्षा की समीक्षा कर रहे थे। यह बीफ पार्टी जोलाइफ नामक एक स्थानीय संगठन ने आयोजित की थी। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन बीफ सेवन को बढ़ावा देने के लिए नहीं था, बल्कि भारतीय संविधान द्वारा नागरिकों को प्रदत्त आजादी को रेखांकित करने के लिए था। जोलाइफ के सदस्य रमरुआता वर्ते ने कहा पहले बीफ खाने पर कोई आपत्ति नहीं थी। लेकिन अब हम देख रहे हैं कि हमें हमारे कुछ बुनियादी अधिकारों से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। हम क्या खाएंगे, यह हम ही तय करेंगे। इसे थोपा नहीं जाना चाहिए।