
विवेक ओबेरॉय के मुंबई स्थित घर पर बंगलूरू पुलिस ने मारा छापा | Nation One
बॉलिवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय के मुंबई स्थित घर में आज बंगलूरु पुलिस ने छापेमारी की। इससे पहले बेंगलुरु सिटी पुलिस के केंद्रीय अपराध ब्यूरो ने संडलवुड ड्रग मामले में विवेक ओबेरॉय के साले और दिवंगत पूर्व मंत्री जीवराज अल्वा के बेटे आदित्य अल्वा के स्वामित्व वाली संपत्तियों पर छापे मारे थे। विवेक ओबेरॉय के साले आदित्य अल्वा की तलाश में ही विवेक के मुंबई आवास पर रेड की गई है।
आदित्य के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद से वह फरार हैं। एक पुलिस ऑफिसर ने कहा कि, ‘आदित्य अलवा फरार है। विवेक ओबेरॉय उनके रिश्तेदार हैं और हमें जानकारी मिली है कि अलवा उनके घर में छुपा है। तो हम चेक करना चाहते थे। इसी के लिए कोर्ट से वॉरेंट लिया गया और हमारी क्राइम ब्रांच की टीम बेंगलुरु से मुंबई में उनके घर गई।
वहीं, आदित्य अल्वा उस वक्त से फरार है, जब से पुलिस ने संडलवुड स्टार रागिनी द्विवेदी के घर पर छापा मारा था। बता दें कि, रागिनी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। कथित तौर पर आदित्य पार्टियां आयोजित करता था, इन पार्टियों में कन्नड़ फिल्म उद्योग के कई फिल्मी सितारे शामिल होते थे।