ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

बालाजी सेवा संस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया देवभूमि का गौरव, नशा उन्मूलन के लिए 'अमेजिंग इंडियंस अवार्ड्स' से सम्मानित

उत्तराखंड की अग्रणी सामाजिक संस्था बालाजी सेवा संस्थान के संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार को स्वास्थ्य देखभाल और सुलभता (Healthcare and Accessibility) के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के प्रतिष्ठित 'टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस अवार्ड 2026' से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान उन्हें यह गौरवशाली पुरस्कार सौंपा गया।

केंद्रीय मंत्रियों और दिग्गज हस्तियों ने थपथपाई पीठ : 

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी और एशियाई पैरालंपिक कमेटी की उप-क्षेत्रीय प्रतिनिधि व पद्मश्री पुरस्कार विजेता डॉ. दीपा मलिक ने अपने कर-कमलों द्वारा श्री अवधेश कुमार को यह अवार्ड प्रदान किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी.वाई. चंद्रचूड़, पूर्व थल सेनाध्यक्ष (सेवानिवृत्त) जनरल उपेंद्र द्विवेदी, प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता खुशबू सुंदर और महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढेसहित देश की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।

इन ऐतिहासिक कार्यों के लिए मिला सम्मान : 

बालाजी सेवा संस्थान उत्तराखंड के सुदूर पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए लंबे समय से काम कर रहा है।अवधेश कुमार के नेतृत्व में पिछले एक वर्ष में राज्यभर के तंबाकू उपयोगकर्ताओं को व्यक्तिगत काउंसिलिंग देकर नशा मुक्त करने का सराहनीय प्रयास किया गया है। इसके अलावा संस्था टीबी (तपेदिक) उन्मूलन को सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने और फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एएनएम, सलाहकारों व दंत चिकित्सकों को विशेष प्रशिक्षण देने का काम कर रही है। सामाजिक क्षेत्र में इनके बेहतरीन रिकॉर्ड को देखते हुए साल 2023 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी इस संस्था को सम्मानित कर चुका है।

यह पुरस्कार मेरी टीम और उत्तराखंड की जनता को समर्पित -अवधेश कुमार:

इस राष्ट्रीय सम्मान को प्राप्त करने के बाद अवधेश कुमार ने कहा, "यह उपलब्धि केवल मेरी व्यक्तिगत सफलता नहीं है। यह राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग और बालाजी सेवा संस्थान की पूरी टीम, सहयोगियों व शुभचिंतकों के विश्वास का परिणाम है। यह पहचान हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ाती है और हम भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और व्यापक व सुलभ बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।


Watch Video