पेयजल किल्लत पर फूटा लोगों का गुस्सा

गर्मी के मौसम में क्षेत्र में पेयजल संकट बुरी तरह गहरा गया है। लोगों को पेयजल के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। भाबर क्षेत्र के शिवराजपुर से आई महिलाओं ने पेयजल समस्या के समाधान की मांग को लेकर जल संस्थान के कार्यालय में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जल्द ही समस्या का निस्तारण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

सोमवार को जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए आक्रोशित महिलाओं ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से शिवराजपुर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। जिस कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही के कारण पानी समय से नहीं आ रहा है। पानी कभी सुबह तो कभी शाम को आता है।

कहा कि इस बारे में कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को बताया भी गया लेकिन अधिकारियों ने उसे ठीक करने की जहमत नहीं उठाई। आरोप लगाये कि जल संस्थान के उच्च अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही पेयजल की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है और लोगों को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। महिलाओं ने जल्द ही समस्या के निस्तारण करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी। प्रदर्शन करने वालों में शकुन्तला देवी, कुसुम, सावित्री, संतोषी, अनीता देवी, शीला, सुनीता, पूनम देवी, सविता, कल्पना, मीना देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

शिवपुर वासियों ने किया घेराव

शिवपुर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बढ़ती पेयजल किल्लत से परेशान लोगों ने सोमवार को नजीबाबाद रोड स्थित जलसंस्थान के कार्यालय में अधिकारियों का घेराव किया। लोगों ने कहा कि शिवपुर में लगातार पेयजल किल्लत बनी हुई है लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पेयजल समस्या दूर नहीं हुई तो कार्यालय में तालाबंदी की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *