केरल के मदद के लिए आगे आया अंबानी परिवार, भेजी 50 करोड़ की राहत सामग्री
नई दिल्ली: केरल में आई बाढ़ से दक्षिण भारतीय राज्य सौ सालों के सबसे भीषण प्राकृतिक त्रासदी से जूझ रहा है। बाढ़ से हुई तबाही से जूझ रहे केरल की मदद के लिए दुनिया भर से लोग और भारत के कई राज्यों की सरकारें आगे आई हैं। इसके अलावा बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्री ने बड़ा कदम उठाया है। रिलायंस फाउंडेशन ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए केरल मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 21 करोड़ रुपए का दान दिया है और साथ में रिलायंस रिटेल के जरिए लगभग 50 करोड़ रुपए की अतिरिक्त मदद की है। मंगलवार को रिलायंस फाउंडेशन की तरफ से यह जानकारी दी गई है।
ये भी पढ़ें : इस बार रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों को राशि के अनुसार बांधे इस रंग की राखी
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा, “केरल के हमारे भाई-बहन एक गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट फाउंडेशन और भारतीय होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम बचाव, राहत और पुनर्वास के लिए प्रदेश की सहायता करें। रिलायंस फाउंडेशन अपनी तरफ से केरल मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 करोड़ रुपये दे रहा है। इस मुश्किल घड़ी में रिलायंस फाउंडेशन केरल के साथ खड़ा है। प्रदेश में जब तक परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जाती तब तक हम वहां काम करते रहेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “2013 में जब भूकंप और बाढ़ की वजह से उत्तराखंड में तबाही मची थी तब रिलायंस फाउंडेशन ने बेहद कम समय में अपने कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं को वहां बचाव और राहत कार्य के लिए तैयार कर लिया था। हमारी टीम ने 2014 में जम्मू कश्मीर बाढ़, 2015 में नेपाल बाढ़, 2015 में तमिलनाडु बाढ़, 2015 में मुंबई बाढ़ और 2016 में मराठवाड़ में आए अकाल में तत्परता से काम किया है।”