बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा राज्य में विकास की गति को अवरुद्ध नहीं होने दिया जाएगा। राज्य के सभी बेघरों को 2021 तक घर और 2019 तक सभी घरों में बिजली पंहुचा दी जाएगी। जन समस्याओं के लिए भाजपा सरकार जनता के द्वार आएगी, जनता को सरकार के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के लंढौरा स्थित रंग महल में विकास रैली में पंहुचे। मुख्यमंत्री का खानपुर विधायक चैंपियन के पुत्र दिव्य प्रताप ने चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की है, इसलिए सरकार खुद जनता के पास जाएगी। सभी मंत्रियों को जनता दरबार लागने को कहा गया है।
2019 तक राज्य के सभी घरों में पंहुचा दी जाएगी बिजली
लोकायुक्त के मुद्दे पर सीएम ने कहा कि चोर को चोरी करने का बाद पकड़ने से अच्छा है हम चोरी होने ही न दें। कहा कि राज्य में वर्तमान में 1.40 लाख बेघर लोग हैं। जिनमें से चालीस हजार बेघरों को मार्च माह तक सरकार घर मुहैया करा देगी। 2021 तक ऐसे सभी परिवारों को घर दे दिया जाएगा। 2019 तक राज्य के सभी घरों में बिजली पंहुचा दी जाएगी।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चैहान, विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक यतीश्वरानंद,विधायक संजय गुप्ता, विधायक देशराज कर्णवाल, भाजपा जिला प्रभारी विनय रोहिला, जिला पंचायत संचालन समिति की सदस्या देवयानी सिंह, सुबोध राकेश, श्यामवीर सैनी, जिला महामंत्री अमन त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष कल्पना सैनी आदि मौजूद थे।