गैरसैंण को पांच साल में बनाएंगे ग्रीष्मकालीन राजधानी: अजय भट्ट

नई टिहरी में आयोजित भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति में हिस्सा लेने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि सरकार गैरसैंण में ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने जा रही है। पहली बार किसी राजनीतिक दल ने इसे अपने घोषणापत्र में शामिल किया है। कांग्रेस ने चार बार गैरसैंण में विधानसभा बुलाई, चारों बार नेता प्रतिपक्ष के नाते जब मैंने पूछा तो उन्होंने कभी जवाब नहीं दिया। बाद में राज्य अतिथि गृह घोषित किया। हम गैरसैंण में पांच साल के भीतर ग्रीष्मकालीन राजधानी तैयार कर लेंगे।

भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने युवाओं को संगठन और राजनीतिक विकास के लिए कई टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि युवा पार्टी की ताकत हैं। युवाओं को अपनी शक्ति पहचानकर अपनी बोलचाल, भाषा और व्यवहार से अपना परिचय देना चाहिए। शुक्रवार को मुख्यालय स्थित जिला पंचायत सभागार में पहली बार भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गयी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि पार्टी में अधिकांश विधायक, सांसद और मंत्री भाजयुमो से चुनकर आयें हैं। हम पीढ़ियां तैयार कर रहे हैं। भाजपा में परिवारवाद और भाई-भतीजावाद नहीं है।

हम संगठन की बदौलत पदाधिकारी हैं: अरविंद पांडे

शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डे ने कहा कि हम संगठन की बदौलत पदाधिकारी हैं, यह हमें नहीं भूलना चाहिए। हम युवा मोर्चा के पदाधिकारी हैं। ये बोलने से काम नहीं चलेगा। युवा मोर्चा की सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं को कन्या भ्रुण हत्या, दहेज प्रथा, नशाखोरी के खिलाफ भी कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कल आपको ही संगठन संभालना है। इसके लिए आपको आज से ही खुद को तैयार करना होगा। उन्होनें कहा कि आप काम कीजिये। संगठन की नजर आप पर है, समय आने पर आपको आपके कार्य का प्रतिफल प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *